लकड़ी काटते हुए पेड़ से गिरी महिला, मौत
HNN/मंडी
जिला मंडी में पंडोह क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत सयोग में लकड़ी काटते समय पेड़ से गिर कर एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान उमा देवी (40) पत्नी दुनी चंद गांव सोझा के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, उमा देवी तीन अन्य महिलाओं के साथ लकड़ी लाने घर के साथ ही सोझा जंगल में गई थी। इस दौरान वह एक चीड़ के पेड़ पर चढ़ी।
उमा देवी ने थोड़ी टहनियों काटी थी कि अचानक पेड़ जड़ों के साथ ज़मीन पर गिर गया और वह भी पेड़ के साथ ही गिर गई। पत्थर पर गिरने से उमा खून से लथपथ हो गई और बेहोश हो गई।जिसके बाद उसके साथ आई अन्य महिलाओं ने आवाजें लगा कर लोगों को बुलाया और उमा को उपचार के लिए जोनल अस्पताल तक पहुंचा। लेकिन तब उसकी मौत हो चुकी थी।
अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद मृतका का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। बता दें कि उमा के दो बेटे हैं जो स्कूल में पढ़ाई कर रहे हैं। पति दुनी चंद निर्धन परिवार का मुखिया है। वहीं बीडीसी सदस्य खेम चंद ने बताया कि प्रशासन ने पीडि़त परिवार को 25000 रुपए की राहत राशि प्रदान की है।