Loading...

लंका नरेश मेघनाथ व कुंभकरण को सोलंकी मारेंगे अग्निबान

Shailesh Saini 10 Oct 2024 Edited 10 Oct 1 min read

सिर्फ 3:30 लाख रुपए में MC करेगी 10 हजार से अधिक लोगों का मनोरंजननाहन

HNN New नाहन

शहर के प्रमुख आकर्षण माने जाने वाले दशहरे पर्व को लेकर नाहन नगर परिषद के द्वारा तमाम तैयारियां मुकम्मल कर ली गई हैं।दशहरे पर्व का मुख्य आकर्षण माने जाने वाले लंका दहन को लेकर बनाए जाने वाले तीनों पुतले तैयार हो चुके हैं।

बड़ी बात तो यह है कि इस बार उत्तरांचल के रुड़की से आए इरफान व उसके साथियों के द्वारा। रावण मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले बनाए गए हैं। वहीं आतिशबाजी का सारा दारोमदार स्थानीय आतिशबाजों को दिया गया है। बताना जरूरी है कि नाहन शहर वह आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को चौगान मैदान के रावण व लंका दहन का हर साल बेसब्री से इंतजार रहता है।

चौगान मैदान में अन्य किसी भी बड़े कार्यक्रम में इतनी भीड़ नहीं जुटी जितनी दशहरे के दिन होती है। हर वर्ष रावण दहन को लेकर करीब 10000 से भी अधिक की भीड़ चौहान मैदान में जुटती है।

इस पूरे कार्यक्रम का दारोमदार नाहन नगर परिषद के ऊपर होता है। नाहन नगर परिषद के द्वारा इस बार रावण दहन और आतिशबाजी आदि को लेकर करीब 3:30 लाख रुपए का बजट निर्धारित किया गया है।

जिसमें रावण मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले तथा आतिशबाजी आदि शामिल होती है। आतिशबाजी किए जाने की परंपरा चौगान मैदान में रियासत काल से चली आ रही है।

इस बार नाहन नगर परिषद के द्वारा बतौर मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक अजय सोलंकी को तथा विशेष अतिथि के रूप में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल और सांसद सुरेश कश्यप को निमंत्रण दिया गया है। विधायक अजय सोलंकी के द्वारा नाहन नगर के लोगों को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं भी दी गई हैं। नगर परिषद के द्वारा सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं जिसमें फायर टेंडर और एंबुलेंस की व्यवस्था भी शामिल की गई है।

खबर की पुष्टि नाहन नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अजय गर्ग के द्वारा की गई है। उन्होंने बताया कि रावण दहन का समय 6:45 का रखा गया है।