लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का उद्घाटन, पहुंचे बड़े-बड़े उद्योगपति
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज लखनऊ में उत्तर प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का उद्घाटन किया। इस दौरान उनके साथ यूपी की गवर्नर आनंदीबेन पटेल, देश के रक्षामंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी फीता काटकर निवेशकों के इस महाकुंभ का उद्घाटन किया। रिलायंस इंडस्ट्री के सीएमडी मुकेश अंबानी, आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला और टाटा ग्रुप के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने यूपीजीआइएस के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। कुमार मंगलन बिड़ला ने यूपी में 25000 करोड़ रुपए के निवेश की घोषणा की।
यूपी ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के 3 दिनों में कुल 34 सत्र होंगे। पहले दिन 10, दूसरे दिन 13 और आखिरी दिन 11 सत्र आयोजित किए जाएंगे। अधिकांश सत्रों में केंद्रीय मंत्री अध्यक्ष के रूप में मौजूद रहेंगे। वाल्मीकि मेन हॉल में उद्घाटन सत्र का आयोजन होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व राज्य के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के साथ ही उद्योगपति मुकेश अंबानी, के. चंद्रशेखरन, कुमार मंगलम बिरला व आनंद महिंद्रा उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे।
मुकेश अंबानी ने कहा कि रिलायंस रिटेल और रिन्यूएबल एनर्जी से जुड़े व्यवसायों में अतिरिक्त 75,000 करोड़ रुपए का निवेश करने की योजना बनाई है, जिससे राज्य में 1 लाख से अधिक अतिरिक्त रोजगार सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि जिओ दिसंबर 2023 तक उत्तर प्रदेश के हर शहर और गांव को कवर करने के लिए 5जी के अपने रोल-आउट को पूरा कर लेगा। टाटा ग्रुप के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने कहा कि एयर इंडिया आगामी समय में उत्तर प्रदेश के हर कोने को देश और दुनिया से कनेक्ट करेगा।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सहित कई केंद्रीय मंत्री 3 दिवसीय समिट के दौरान विभिन्न सत्रों की अध्यक्षता करेंगे। यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में मुकेश अंबानी, कुमार मंगलम बिड़ला, आनंद महिंद्रा जैसे शीर्ष उद्यमी भी पहुंचे हैं।