Loading...

लगनू स्कूल में छत का प्लास्टर गिरा, चौथी कक्षा की छात्रा घायल

Shailesh Saini • 18 Aug 2026 • 1 Min Read

सिर में लगी चोट, प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर

नाहन

संगड़ाह। जिला सिरमौर के प्राथमिक स्कूल लगनू में मंगलवार सुबह कक्षा के दौरान छत का भारी प्लास्टर अचानक गिरने से चौथी कक्षा की छात्रा घायल हो गई। हादसे में छात्रा काव्या के सिर पर चोट लगी, जिसके बाद उसे प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संगड़ाह ले जाया गया।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद छात्रा को डॉ. वाईएस परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन रेफर कर दिया।जानकारी के अनुसार सुबह स्कूल में कक्षाएं चल रही थीं। इसी दौरान कमरे की छत से बजरीयुक्त प्लास्टर का एक भारी हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया और छात्रा इसकी चपेट में आ गई।

हादसे के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। स्कूल प्रशासन ने तत्काल छात्रा को उपचार के लिए सीएचसी संगड़ाह पहुंचाया।घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण भी स्कूल परिसर में पहुंचे। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी मामले की जानकारी ली। बताया जा रहा है कि जिस कमरे में हादसा हुआ, उसकी छत की हालत पहले से ठीक नहीं थी। प्लास्टर गिरने की घटना ने स्कूल भवनों की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अभिभावकों ने स्कूल भवन का जल्द निरीक्षण करवाकर आवश्यक मरम्मत की मांग उठाई है।शिक्षा उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा सिरमौर राजीव ठाकुर ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। स्कूल प्रशासन से रिपोर्ट मांगी गई है। भवन की स्थिति और हादसे के कारणों की पूरी जानकारी रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Related Topics: