Loading...

हरोली में 5 करोड़ से बनेगा ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन, अब एक ही परिसर में ड्राइविंग टेस्ट और वाहन पासिंग की सुविधा

Shailesh Saini • 47 Mins Ago • 1 Min Read

मुकेश अग्निहोत्री ने रोड़ा में किया शिलान्यास, नौ महीने में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य; 22 करोड़ का हेलीपोर्ट और 10 करोड़ का सिंथेटिक ट्रैक भी बन रहा न्यू हरोली की पहचान

हिमाचल नाऊ न्यूज ऊना

हरोली विधानसभा क्षेत्र में परिवहन सुविधाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। रोड़ा में 5 करोड़ रुपये की लागत से ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) का निर्माण किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को इस परियोजना का शिलान्यास किया। स्टेशन का निर्माण नौ महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके शुरू होने से वाहनों की फिटनेस जांच और पासिंग की प्रक्रिया आधुनिक मशीनों से होगी, जबकि पहले से स्थापित ट्रैफिक पार्क के साथ लोगों को एक ही परिसर में ड्राइविंग टेस्ट और वाहन पासिंग की सुविधा भी मिल सकेगी।

तीन टेस्टिंग लेन में होगी वाहनों की फिटनेस जांच

ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन में भारी वाहनों, हल्के वाहनों, तिपहिया और दोपहिया वाहनों की फिटनेस जांच के लिए तीन टेस्टिंग लेन विकसित की जाएंगी। स्टेशन में वाहनों के निरीक्षण के लिए आधुनिक तकनीकी उपकरणों और मशीनरी का इस्तेमाल होगा।

इससे वाहन फिटनेस जांच की प्रक्रिया को व्यवस्थित और तकनीक आधारित बनाने में मदद मिलेगी।परियोजना के तहत लोक निर्माण विभाग भवन, टेस्टिंग लेन, निरीक्षण क्षेत्र, कार्यालय, प्रतीक्षालय, पार्किंग और अन्य आधारभूत सुविधाएं विकसित करेगा। वहीं, एचआरटीसी स्टेशन के संचालन के लिए आवश्यक मशीनरी, तकनीकी उपकरण, नियंत्रण प्रणाली, सॉफ्टवेयर और सीसीटीवी सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाएगा।

न्यू हरोली में 35.50 करोड़ की प्रमुख परियोजनाएं

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि रामपुर पुल से हरोली जल भवन तक के क्षेत्र को न्यू हरोली के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस क्षेत्र में 22 करोड़ रुपये की लागत से हेलीपोर्ट और 10 करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण किया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त 3.50 करोड़ रुपये की लागत से सैनिक भवन भी बनाया जाएगा।उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता कार्यालय, जिला न्यायालय, उद्योग कार्यालय, इनडोर स्टेडियम और मेला ग्राउंड विकसित करने की भी योजना है। इन परियोजनाओं के साकार होने से हरोली में प्रशासनिक, खेल और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार होगा।

आधुनिक सुविधाओं के केंद्र के रूप में विकसित होगा क्षेत्र

ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन के निर्माण से वाहन फिटनेस जांच के लिए आधुनिक व्यवस्था उपलब्ध होगी। वहीं, ड्राइविंग टेस्ट और वाहन पासिंग की सुविधाएं एक ही स्थान पर मिलने से लोगों को परिवहन संबंधी कार्यों में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। न्यू हरोली में प्रस्तावित और निर्माणाधीन परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

शिलान्यास अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रणजीत राणा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हरोली के अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, जिला परिषद सदस्य केवल सिंह औजला, एसटीए सदस्य अशोक ठाकुर, सुभद्रा चौधरी, विनोद कुमार बिट्टू, रोड़ा पंचायत की पूर्व प्रधान शारदा,

एसडीएम हरोली विशाल शर्मा, डीएसपी मोहन रावत, एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक तकनीकी पवन शर्मा, डीएम हमीरपुर राज कुमार, एक्सईएन बीएसएम एंड डीए कमल शर्मा, आरएम ऊना राजेश जोशी, लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन नितिन कुमार और जल शक्ति विभाग के पुनीत कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।