लाहौल-स्पीति के जोबरंग गांव में हिमस्खलन, कोई जान-माल का नुकसान नहीं
HNN/ लाहौल-स्पीति
हिमाचल प्रदेश में अब मौसम कुछ खुल गया है। धुप खिलने से ऊपरी क्षेत्रों के लोगों को अब कुछ राहत की सांस मिल रही है। वहीं अब प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों में हिमस्खलन होने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। जानकारी के मुताबिक, जनजातीय क्षेत्र लाहौल-स्पीति के जोबरंग गांव के समीप पहाड़ से भारी हिमस्खलन हुआ है।
बता दें यह हिमस्खलन आज गुरुवार सुबह करीब 9:00 बजे हुआ है। हालाँकि इस घटना में किसी तरह का कोई जान माल का नुकसान नहीं हुआ है। इस घटना का वीडिओ सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, जोबरंग पंचायत के पूर्व प्रधान सोम देव योकी ने हिमस्खलन की आवाज सुनी।
जिसके बाद उन्होंने अपने घर की छत से हिमखंड और उससे उठे बवंडर को अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया। हिमस्खलन से उठा बवंडर आठ मिनट तक हवा में रहा। उधर, उपायुक्त लाहौल-स्पीति राहुल कुमार ने घाटी के लोगों से अपील की है कि लोग अनावश्यक इधर-उधर न जाएं।