लाहौल-स्पीति में हिमस्खलन, लोगों में दहशत का माहौल
HNN/ लाहौल-स्पीति
जिला लाहौल-स्पीति में शनिवार को हिमस्खलन होने से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। हिमस्खलन होने से किसानों को काफी नुक्सान हुआ है, जिसमे गौशाल गांव के रोगलिंग स्थित कई खेत तहस-नहस हो गए हैं। हालांकि हिमस्खलन से किसी तरह का कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज दोपहर केलांग से 11 किमी दूर चन्द्रा-भागा नदी के ऊपर पीर पंजाल की चोटी से यह हिमखंड गिरा। हिमखंड का बड़ा हिस्सा चन्द्रा-भागा नदी पार कर ठोलंग गांव तक पहुंच गया। जिसको देख एक बार तो लोगों में हड़कंप मच गया, परंतु कोई नुक्सान न होने से सबने राहत की सांस ली।
उधर, डीसी सुमित खिमटा ने बताया कि हिमस्खलन होने से किसी तरह का कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि भारी हिमपात होने से हिमस्खलन होने का खतरा बना रहता है इसलिए उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।