पुलिस द्वारा नाके के दौरान पकड़ी गई भारी मात्रा में अवैध शराब
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
पुलिस की नाकाबंदी में बड़ी सफलता
उप-मंडल अम्ब के थाना अम्ब पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कार से भारी मात्रा में शराब बरामद की है। यह कार्रवाई 1 अक्तूबर को एएसआई अतुल कुमार के नेतृत्व में कंडेर-अम्ब टिल्ला रोड पर नाकाबंदी के दौरान की गई।
वाहन से बरामद शराब की खेप
जांच के दौरान कार नंबर HP36B-7778 से नौ गत्ता पेटियां रॉयल स्टैग, एक गत्ता पेटी इम्पीरियल ब्लू, छह गत्ता पेटियां वीआरवी संतरा शराब (750 एमएल) और दो गत्ता पेटियां किंगफिशर बियर (650 एमएल) बरामद की गईं।
आरोपी की पहचान और कार्रवाई
कार चालक की पहचान अमित सिंह पुत्र राय सिंह, निवासी गांव हार, डाकघर नैहरनपुखर, तहसील देहरा, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अन्य पुलिस कार्रवाइयाँ भी जारी
इसी दिन सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान करने पर पुलिस ने 11 लोगों के चालान किए और 1100 रुपये जुर्माना वसूला। वहीं, अवैध खनन के मामलों में थाना मैहतपुर और थाना सदर ऊना पुलिस ने एक-एक वाहन को कब्जे में लेकर चालान अदालत में भेजे।