लोकसभा की सुरक्षा में बड़ी चूक, सदन में कूदे दो शख्स, एक युवक ने जूते से…
लोकसभा की सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। लोकसभा की कार्यवाही के दौरान दो युवक दर्शक दीर्घा से कूद गए। ये दोनों शख्स एक बेंच से दूसरे बेंच पर भागने लगे। तभी एक शख्स ने जूते से निकालकर कोई पीले रंग की गैस स्प्रे कर दी। इस दौरान संसद में अफरा-तफरी मच गई। सांसद यहां-वहां भागने लगे।
हालांकि कुछ सांसदों ने इन्हें पकड़ लिया और सुरक्षाकर्मियों के हवाले कर दिया। लोकसभा की कार्यवाही को स्थगित कर दिया गया। कार्यवाही में मौजूद सांसदों ने बताया कि शून्यकाल में बीजेपी सांसद खरगेन मुर्मू बोल रहे थे तभी एक व्यक्ति दर्शक दीर्घा से कूदा गया। वह पहले बैरियर से लटका और फिर सदन के अंदर छलांग लगा दी।
इसके बाद दूसरा शख्स भी उसके पीछे सदन में कूद गया। दोनों युवकों के हाथ में टियर गैस कनस्तर था। इससे उन्होंने गैस छिड़कनी शुरू कर दी। दोनों युवक ‘तानाशाही नहीं चलेगी’ नारा लगा रहे थे। हिरासत में लिए गए आरोपियों को संसद मार्ग पुलिस स्टेशन ले जाया गया है।