Loading...

लोकसभा चुनाव के चलते महिलाओं को फिर ठगने का प्रयास कर रहे मुख्यमंत्री- रावत

Ankita 8 Mar 2024 Edited 8 Mar 1 min read

HNN/ नाहन

सिरमौर भाजपा के जिला सह मीडिया प्रभारी प्रताप सिंह रावत ने मीडिया को जारी बयान करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए प्रदेश की महिलाओं को 15 सौ रुपए के नाम पर एक बार फिर ठगने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने विधानसभा चुनाव से पहले अपनी सभी चुनावी जनसभा में चिल्ला-चिल्ला कर कहा था कि यदि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनती है तो हम 18 वर्ष से ऊपर की सभी महिलाओं को प्रतिमहा 15 सौ रुपए देने का फैसला पहली कैबिनेट बैठक में करेंगे।

लेकिन सरकार को बनते हुए 14 महीने का समय हो गया है प्रदेश की किसी भी महिला को आज तक 15 सौ रुपए नहीं मिले हैं जिससे प्रदेश की महिला अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रही है।

रावत ने बताया कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं को लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी की हार स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है इसलिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश की महिलाओं को एक बार 15 सौ रुपए देने का लालच दे रहे हैं।

उनको पता है कि मार्च में ही आचार संहिता लग जाएगी इस बात को प्रदेश की महिलाएं भी भलीभांति जानती है। रावत ने बताया कि यदि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के अंदर 15 सौ रुपए देने की मंशा होती तो वह अपने बजट में इसका प्रावधान करते।

उन्होंने बताया कि जिन महिलाओं को 1150 रुपए सामाजिक सुरक्षा पेंशन मिलती है उन्हीं महिलाओं की 350 रुपए की बढ़ोतरी कर 15 सौ रुपए दिए जाएंगे। इनके लिए भी बजट में कोई प्रावधान नहीं रखा गया है। रावत ने बताया कि प्रदेश की महिलाएं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के झांसे में आने वाली नहीं है।