Loading...

लोकसभा चुनाव में सुक्खू सरकार को उनके झूठ का करारा जवाब देगी प्रदेश की महिलाएं- मेला राम

Ankita 8 Mar 2024 Edited 8 Mar 1 min read

शर्मा बोले- सीएम सुक्खू का प्रतिमाह 1500 रुपए देने का ऐलान करना महिलाओं के साथ भद्दा मजाक

HNN/ नाहन

सिरमौर जिला भाजपा प्रवक्ता मेलाराम शर्मा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के उस बयान को प्रदेश की महिलाओं के साथ भद्दा मजाक बताया है जिसमें उन्होंने फिर से महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपए देने का ऐलान किया है।

जिला भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री ने वर्ष 2024- 25 के बजट में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपए की अदायगी करने के लिए फूटी कौड़ी का भी बजट में प्रावधान नहीं किया है और बिना बजट के ही उन्हें फिर से ठगने की चेष्टा की जा रही है।

उन्होंने कहा की उचित होता कि मुख्यमंत्री महिलाओं के लिए प्रतिमाह 1500 रुपए देने के वक्तव्य के साथ-साथ इसके लिए बजट में किए गए प्रावधान का खुलासा भी करते। उन्होंने मुख्यमंत्री के इस बयान को कोरी घोषणा और लोकसभा चुनाव आने पर महिलाओं के साथ फिर से छलावा करने का कुप्रयास करार दिया है परंतु प्रदेश की पढ़ी-लिखी महिलाएं अब फिर से बेवकूफ बनने वाली नहीं है।

मेलाराम शर्मा ने कहा कि पहले मुख्यमंत्री विधानसभा चुनावों के दौरान की गई घोषणा के अनुसार प्रदेश की महिलाओं को पहली कैबिनेट बैठक में स्वीकृति प्रदान करने के झूठे वादे को अमली जामा पहनाये और महिलाओं को लोकसभा चुनाव से पहले पिछले 14 महीनों के 21000 रुपए प्रति महिला के हिसाब से बकाये का भुगतान करें।

तभी प्रदेश की महिलाएं सुक्खू सरकार पर विश्वास करेगी अन्यथा विधानसभा चुनाव के बाद अब फिर से लोकसभा चुनाव आने पर महिलाएं कांग्रेसी नेताओं के ठगी का शिकार होने वाली नहीं है। मेलाराम शर्मा ने कहा की आने वाले लोकसभा चुनाव में महिलाएं सुक्खू सरकार को उनके झूठ का करारा जवाब देगी।