Loading...

लोकसभा चुनाव: 24 मई को होगा मतदान कर्मियों का दूसरा चुनावी पूर्वाभ्यास

By Ankita Published: 9 May 2024, 2:55 PM | Updated: 9 May 2024, 2:55 PM 1 min read

HNN/ मंडी

नाचन विधानसभा क्षेत्र के मतदान कर्मियों का द्वितीय पूर्वाभ्यास 24 मई, 2024 को प्रातः 10:00 बजे से मेला ग्राउंड ख्योड़ में होगा। इस बारे में जानकारी देते हुए एसडीएम गोहर व सहायक निर्वाचन अधिकारी लक्ष्मण सिंह गनेट ने कहा कि पहले यह पूर्वाभ्यास 22 मई को निर्धारित किया गया था।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी हिमाचल प्रदेश और जिला निर्वाचन अधिकारी मंडी के दिशा-निर्देशानुसार यह पूर्वाभ्यास 22 मई की जगह अब 24 मई, 2024 को आयोजित होगा। पूर्वाभ्यास में पीठासीन अधिकारी, सहायक पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी भाग लेंगे।

जो मतदान कर्मी मंडी संसदीय क्षेत्र से बाहर अन्य संसदीय क्षेत्रों से सम्बध रखते हैं, वे सभी 24 मई, 2024 को पोस्टल बैलट से अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान कर्मी जो 24 मई, 2024 को किसी कारण वश वोट नहीं डाल सकेगा वह तृतीय पूर्वाभ्यास में 29 मई, 2024 को अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेगा।

इसके अलावा अन्य लोग जो निर्वाचन ड्यूटी पर हैं वो 29 मई से 31 मई, 2024 तक वोटर सुविधा केन्द्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। निर्वाचन आयोग द्वारा अधिसूचित आवश्यक सेवाओं में लगे कर्मचारी 29 मई, 2024 से पहले रिटर्निंग आफिसर द्वारा निर्धारित तिथियों पर वोटर सुविधा केन्द्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।

नाचन विधानसभा क्षेत्र में 126 मतदान केन्द्र हैं जिनमें से 2 महिला कर्मियों द्वारा संचालित होंगे। एक मतदान केन्द्र युवा कर्मियों द्वारा संचालित किया जाएगा।