Loading...

लोक निर्माण विभाग के फील्ड में तैनात कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द, जानिए वजह….

Ankita • 4 Dec 2023 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

हिमाचल प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर शुरू हो चुका है। बर्फबारी के चलते कई मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद पड़ने भी शुरू हो चुके हैं। इसके साथ ही सड़कों पर बर्फ जमने के कारण वाहन काफी फिसल रहे हैं।

प्रदेश में बर्फबारी होने से सड़के ज्यादा देर तक बाधित न हो इसके लिए प्रशासन ने तैयारी कर ली है। बता दें प्रदेश सरकार ने लोक निर्माण विभाग के फील्ड में तैनात करीब 15,000 कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी है। इन कर्मचारियों को विशेष परिस्थिति में ही छुट्टी दी जाएगी।

बर्फबारी की संभावना के चलते मंडल और उपमंडल स्तर के अधिशासी अभियंताओं और सहायक अभियंताओं को सड़कें दुरुस्त रखने को कहा गया है। लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर-इन-चीफ अजय गुप्ता ने कहा कि सड़कें ज्यादा समय तक बाधित न हों, इसके चलते मशीनरी फील्ड में भेजी गई है।

प्रदेश सरकार ने भूस्खलन और बर्फबारी वाले किन्नौर, चंबा, मंडी, लाहौल स्पीति और शिमला जैसे क्षेत्रों में एक हजार से ज्यादा डोजर और जेसीबी भी तैनात करने के निर्देश दिए हैं। सड़कों के किनारे बंद पड़ीं निकासी नालियों से मलबा हटाने के लिए भी कहा गया है।