वर्ल्ड कप 2023: भारत की शानदार जीत, पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया
विश्व कप में भारत की पाकिस्तान पर लगातार आठवीं जीत
भारत ने पाकिस्तान को सात विकेट से हरा दिया है।भारतीय टीम ने 191 रनों के टारगेट को 30.3 ओवरों में हासिल कर लिया। श्रेयस अय्यर 53 और केएल राहुल 19 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं रोहित शर्मा ने 86 रनों की धांसू पारी खेली। भारतीय टीम की ओडीआई वर्ल्ड कप के इतिहास में पाकिस्तान के खिलाफ ये लगातार आठवीं जीत रही।
मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए पाकिस्तानी टीम अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी और 42.5 ओवर में ही 191 रनों पर आकर ढेर हो गई। कप्तान बाबर आजम ने सबसे ज्यादा 50 रनों की पारी खेली। जबकि मोहम्मद रिजवान ने 49 रन बनाए।
भारत के लिए तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पंड्या के अलावा स्पिनर कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा ने बराबर 2-2 विकेट झटके। 192 रनों के टारगेट के जवाब में भारतीय टीम ने 30.3 ओवरों में ही 3 विकेट गंवाकर मैच अपने नाम कर लिया।
कप्तान रोहित शर्मा ने 63 गेंदों पर सबसे ज्यादा 86 रनों की धांसू पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 6 छक्के और 6 चौके जमाए। श्रेयस अय्यर ने नाबाद 53, केएल राहुल ने नाबाद 19, शुभमन गिल ने 16, विराट कोहली ने 16 रन बनाए। पाकिस्तान के लिए तेज गेंदबाज शाहीन शाह आफरीदी 2 और हसन अली ने 1 विकेट लिया।