Loading...

वाट्सएप का बड़ा कदम: भारत में बैन किए 65 लाख से ज्यादा अकाउंट्स, यह है वजह…

Ankita • 3 Jul 2023 • 1 Min Read

वाट्सएप ने मई में 65 लाख से ज्यादा अकाउंट पर प्रतिबंध लगा दिया है। कंपनी ने भारतीय उपभोक्ताओं की ओर से मिली शिकायत के बाद यह कदम उठाया है। कंपनी ने यह सूचना आइटी के नए नियम के अंतर्गत दी है। यह कार्यवाही एक मई से 31 मई के बीच की गई है।

कंपनी ने बताया कि उसने 1 मई से 31 मई के बीच 6,508,000 वाट्सएप अकाउंट को बंद किया। इनमें 2,420,700 अकाउंट के बारे में किसी उपयोगकर्ता से शिकायत मिलने से पहले ही कंपनी ने स्वयं बंद कर दिया। व्हाट्सएप ने इन अकाउंट्स को नए आईटी नियम के तहत यूजर्स की सेफ्टी को ध्यान में रखते हुए बैन किया गया है।

बता दें कि आईटी अधिनियम 2021 के तहत हर महीने 50 लाख से ज्यादा यूजर्स वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को आईटी मंत्रालय में एक यूजर सेफ्टी रिपोर्ट पेश करनी होती है। देश में वाट्सएप के 50 करोड़ से ज्यादा उपयोगकर्ता हैं। उसने अप्रैल में रिकॉर्ड 74 लाख से ज्यादा ‘बैड अकाउंट’ पर प्रतिबंध लगा दिया था।

कंपनी के अनुसार, यूजर्स सुरक्षा पर यह रिपोर्ट प्राप्त यूजर्स शिकायतों, व्हाट्सएप द्वारा की गई कार्यवाही और उनके प्लेटफॉर्म पर दुर्व्यवहार करने के लिए प्लेटफार्म द्वारा लागू किए गए एक्टिव उपायों के बारे में जानकारी प्रदान करती है।