Loading...

वानखेड़े स्टेडियम में आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच होगा सेमीफाइनल मुकाबला

Ankita • 15 Nov 2023 • 1 Min Read

टीम इंडिया क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 में आज (15 नवंबर) न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच खेलने उतरेगी। यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारतीय समयानुसार दोपहर 2 बजे से खेला जाएगा। जो भी टीम ये मैच जीतेगी, उसका फाइनल मैच 19 नवंबर को अहमदाबाद में ऑस्ट्रेलिया/साउथ अफ्रीका से होगा।

लगातार नौ मैच जीत चुकी भारतीय टीम ने अब तक एक भी कदम गलत नहीं रखा है। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और खुद रोहित जबरदस्त फॉर्म में हैं। रोहित ने मौजूदा वर्ल्ड कप में अबतक 9 मैचों में 55.88 के एवरेज से 503 रन बनाए हैं। वहीं विराट भी 9 मैच खेलकर 99 की औसत से सबसे ज्यादा 594 रन बना चुके हैं।

शुभमन गिल, केएल राहुल और श्रेयस अय्यर ने नीदरलैंड्स के खिलाफ जबरदस्त पारियां खेलकर धाकड़ फॉर्म में होने के सबूत दिए थे। भारत के गेंदबाजों की अगर बात करें तो जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज ने मिलकर 45 विकेट लिए हैं।

जब भारत-न्यूजीलैंड पिछली बार भिड़े थे तो मोहम्मद शमी ने पांच विकेट चटकाए थे, जिसकी वजह से कीवी टीम बैकफुट पर आ गई थी। स्पिनर्स कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा ने बीच के ओवरों में अपने काम को बखूबी अंजाम दिया है।