वायरल फीवर की चपेट में आ रहे लोग, शीतलहर से बचाव के लिए करें यह उपाय….
HNN/ शिमला
शुष्क मौसम और धुंध ने हर किसी को परेशानी में डाला हुआ है। ऐसे मौसम में गले में खराश, सिर दर्द, सर्दी, जुकाम के साथ खांसी के मामले बढ़ रहे हैं। जिले भर में बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं वायरल की चपेट में आ रहे हैं। आलम यह है कि इन दिनों अस्पतालों में मरीजों की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई है। मंडी स्थित जच्चा-बच्चा अस्पताल में भी इन दिनों बच्चों की ओपीडी दोगुनी हो गई है।
बच्चे वायरल फीवर की चपेट में आ रहे हैं जिससे अभिभावक खासे परेशान है। वहीँ, वायरल की चपेट में आने वाले मरीजों को चिकित्सक ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनने, सुबह और शाम गर्म पानी का ही सेवन करने की सलाह दे रहे हैं। इसके साथ ही वायरल की चपेट में आने वाले लोगों को अस्पताल में जांच करवाने की भी सलाह दी जा रही है।
शीत लहर से सुरक्षा के उपाय
वायरल फीवर से बचाव के लिए बाहर निकलने पर मास्क पहनें, क्योंकि वायरल फीवर से पीड़ित लाेगाें के खांसने और छींकने से भी आसपास मौजूद लाेगाें काे इसके वायरस के संक्रमण का खतरा हाेता है। शीतलहर के दौरान घर के अंदर सुरक्षित रहें। घर से बाहर जाते हुए सिर, कान, हाथ, पैर और नाक को ढक कर ही बाहर निकलें।
क्योंकि ठण्ड में सिर के माध्यम से ऊष्मा का अभाव हो सकता है। अपने मुहं को भी ढक कर रखें, इससे आपके फेफड़ों को ठण्ड से सुरक्षा मिलेगी। शरीर में ऊष्मा के प्रवाह को बनाये रखने के लिए पोषक आहार एवं गर्म पेय पदार्थ का सेवन करें। ठंड के मौसम में ऊनी एवं गरम कपड़ों को पहनें। शरीर को सूखा रखें।