सिरमौर के सात शिक्षकों को मिला संपर्क फाउंडेशन टॉप टीचर अवॉर्ड
डीसी प्रियंका वर्मा ने शिक्षकों को किया सम्मानित, डिजिटल शिक्षण से बच्चों में बढ़ी पढ़ाई के प्रति रुचि
नाहन
संपर्क फाउंडेशन की ओर से सिरमौर जिला में टॉप टीचर अवॉर्ड सेरेमनी-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्कूलों में संपर्क फाउंडेशन के डिजिटल शिक्षण संसाधनों का नियमित और प्रभावी उपयोग करने वाले सात शिक्षकों को सम्मानित किया गया। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने शिक्षकों को सम्मान प्रदान किया।
इस अवसर पर जीएसएसएस बागथन की सोनिका अत्री, जीपीएस कुज्जी के जय प्रकाश, जीएचएस लोहगढ़ के परीक्षित कश्यप, जीपीएस कोटा पाब की पूनम सैनी, जीपीएस भवाही की सत्या देवी, जीपीएस सानियो दीदग के भारत भूषण तथा जीपीएस खाला कियार की कांता देवी को संपर्क फाउंडेशन की ओर से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में शिक्षकों ने संपर्क टीवी के माध्यम से बच्चों को पढ़ाने के अपने अनुभव भी साझा किए। शिक्षकों ने बताया कि दूरदराज के ऐसे क्षेत्रों में, जहां इंटरनेट और नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां भी संपर्क फाउंडेशन का डिजिटल कार्यक्रम बच्चों के लिए काफी उपयोगी साबित हो रहा है। ऑडियो-विजुअल माध्यम से पढ़ाई होने के कारण बच्चों में स्कूल आने और सीखने के प्रति रुचि बढ़ी है। शिक्षकों के अनुसार, इससे बच्चों के सामान्य ज्ञान के साथ-साथ विषयों की समझ में भी सुधार देखने को मिला है।
संपर्क फाउंडेशन की ओर से जिले के 124 स्कूलों में शैक्षणिक कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इनमें 75 प्राथमिक और 49 अपर प्राथमिक स्कूल शामिल हैं। इन स्कूलों के शिक्षकों को 23 से 28 अप्रैल तक प्रशिक्षण दिया गया था। प्रशिक्षण के दौरान संपर्क टीवी डिवाइस के संचालन और उसमें उपलब्ध शैक्षणिक सामग्री के उपयोग की जानकारी दी गई।
संपर्क टीवी में राज्य के पाठ्यक्रम के अनुरूप शिक्षण सामग्री उपलब्ध करवाई गई है। कक्षा 1 से 5 तक के लिए पाठ्यक्रम आधारित सामग्री के साथ कक्षा 6 से 8 तक विज्ञान विषय की सामग्री उपलब्ध है। इसमें लेसन प्लान, छोटी गतिविधियां, हिंदी और अंग्रेजी में कॉन्सेप्ट वीडियो, प्रोजेक्ट वर्क, वर्कशीट और गेम आधारित मूल्यांकन शामिल हैं। डिवाइस को टीवी के साथ जोड़ा जा सकता है, जबकि टीवी उपलब्ध नहीं होने पर प्रोजेक्टर के माध्यम से भी इसका उपयोग किया जा सकता है। खास बात यह है कि यह सामग्री बिना इंटरनेट के भी संचालित होती है।
कार्यक्रम में उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि तकनीक का सही उपयोग शिक्षा को बच्चों के लिए अधिक रोचक और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इस दौरान उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा राजीव ठाकुर, संपर्क फाउंडेशन के डिप्टी स्टेट हेड अनिल जैनवान और जिला समन्वयक अनुज चंद्र पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।