वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में बड़ी चूक, काफिले के सामने कूदा युवक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में बड़ी चूक हो गई। मामला, वाराणसी में रुद्राक्ष सेंटर के बाहर का है। प्रधानमंत्री यहां से एयरपोर्ट के लिए रवाना ही हुए थे। इसी दौरान एक युवा उनके काफिले के आगे कूद गया। वह पीएम की गाड़ी से बमुश्किल 10 फीट की दूरी पर था।
पुलिसकर्मियों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। युवक गाजीपुर जिले का रहने वाला है। सेना में नौकरी की मांग को लेकर पीएम से मिलना चाहता था। बता दें प्रधानमंत्री की फ्लीट की ओर युवक को दौड़ते हुए देख कर सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया।
आनन-फानन सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस कर्मियों ने दौड़ा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस उसे सिगरा थाने ले गई। युवक प्रधानमंत्री को प्रार्थना पत्र देकर गुहार लगाना चाहता था। उधर, इस संबंध में सिगरा थानाध्यक्ष राजू सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यही समझ में आया है कि युवक नौकरी न मिलने से परेशान है।