वाहनों की आवाजाही के लिए 5 घंटे बंद रहेगा चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे
HNN/ मंडी
चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर मंडी से कुल्लू व कुल्लू से मंडी की ओर वाहनों की आवाजाही 5 घंटे के लिए पूर्णतया बंद रहेगी। यह जानकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर चंद्र ने दी। उन्होंने बताया कि सड़क के मरम्मत कार्य के चलते प्रशासन से इस नेशनल हाइवे को बंद रखने का निर्णय लिया है।
उन्होंने बताया कि पंडोह से आगे कैंची मोड़ के पास नेशनल हाइवे पूरी तरह से टूट गया है। जिस कारण यहां से सभी छोटी बड़ी गाड़ियों को अस्थायी तौर पर बनाए गए लिंक रोड़ से भेजा जा रहा है। इस लिंक रोड़ पर वाहनों का दबाव ज्यादा होने के चलते सड़क का मरम्मत कार्य किया जाएगा।
लिंक रोड़ पर तीखें मोडों को काटने व बड़ी गाड़ियों को आसानी से निकालने के लिए आधी रात को यहां मशीनरी तैनात की जाएगी। जिस कारण यहां से किसी भी वाहन को गुजारना संभव नहीं होगा। सागर चंद्र ने बताया कि छोटे वाहनों को वैकल्पिक मार्ग कंमाद-कटौला से भेजा जाएगा। वहीं बड़़े वाहन नेशनल हाइवे के किनारे ही खडे रहेगें। उन्होंने वाहन चालकों से सहयोग की अपील की है।