Loading...

विदेशों में रोजगार दिलाने की प्रणाली बना रही है प्रदेश सरकार- सीएम सुक्खू

By Ankita Published: 20 Sep 2023, 7:04 PM | Updated: 20 Sep 2023, 7:04 PM 1 min read

हिमाचल प्रदेश में इस साल के अंत तक होगी इतनी नई भर्तियां……..

HNN/ शिमला

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का आज तीसरा दिन है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सदन में प्रश्नकाल के दौरान जानकारी देते हुए कहा कि सरकार विदेशों में रोजगार दिलाने की प्रणाली बना रही है। हिमाचल के लोगों को रोजगार देना हमारा दायित्व है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में इस साल के अंत तक 10 हजार नई भर्तियां होंगी। वहीं, सदन में कर्मचारी चयन आयोग में भ्रष्टाचार का मामला गूंजा। सीएम ने कहा कि भाजपा की छत्रछाया में हिमाचल में अधीनस्थ सेवाएं चयन आयोग भ्रष्टाचार का अड्डा बना।

पुलिस भर्ती में भी गड़बड़झाला हुआ। कहा कि पूर्व भाजपा सरकार में मंत्री और सरकार आंखे मूंदकर बैठे रहे और पेपर बिकते गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के हजारों युवा जब नौकरियों की आस में तैयारियां कर रहे थे। तब भर्ती आयोग भ्रष्टाचार का अड्डा बना हुआ था। पेपर बेचे जा रहे थे।

कांग्रेस सरकार बनने पर हमारे पास पेपर बिकने की शिकायतें आईं और जांच के आधार पर कर्मचारी चयन आयोग भंग किया। सीएम ने कहा कि जिन पुरानी भर्तियों में पेपर लीक या भ्रष्टाचार नहीं हुआ होगा, उनका परिणाम तीन माह के भीतर निकालेंगे।

प्रदेश में गठित होने वाला नया भर्ती आयोग कंप्यूटर आधारित टेस्ट लेगा। इसमें मानवीय हस्तक्षेप कम से कम होगा। प्रश्नपत्र भी अलग-अलग तैयार किए जाएंगे। परीक्षा होने के एक हफ्ते में भर्ती परिणाम जारी किए जाएंगे। वरिष्ठ आईएएस अफसर को आयोग का मुख्य प्रशासक और एचएएस अफसर को प्रशासनिक अधिकारी नियुक्त किया जाएगा।

Related Topics: