विदेश से उपहार भेजने के नाम पर महिला से ठगे 13 लाख रुपए
HNN/ चंबा
हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में विदेश से उपहार भेजने के नाम पर एक महिला से शातिरों ने 13 लाख रुपए ठग लिए है। ठगी का अहसास होने पर महिला ने इस संबंध में साइबर थाना धर्मशाला में शिकायत दर्ज करवाई है। वहीं शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में महिला ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर उसकी एक व्यक्ति से बात हुई। व्यक्ति ने खुद को यूके का निवासी बताया। कुछ दिन तक दोनों में फेसबुक पर चैटिंग होती रही। फिर शातिर ने महिला को एक गिफ्ट भेजने की बात कही।
इसके बाद उसने महिला को विदेश से उपहार का ऑफर दिया, जिसकी एवज में महिला से कभी कस्टम ड्यूटी तो कभी बैंक का हवाला देकर शातिर ने विभिन्न 12 से 13 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से 13 लाख रुपये ठग लिए। ठगी का अहसास होने पर महिला ने इस संबंध में साइबर थाना धर्मशाला में शिकायत दर्ज करवाई। साइबर क्राइम थाना धर्मशाला के एएसपी प्रवीण धीमान ने मामले की पुष्टि की है।