विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार प्रयासरत : पठानिया
Himachalnow / कांगड़ा
उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि वर्तमान सरकार बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए स्कूल स्तर पर विभिन्न गतिविधियों को अनिवार्य बना रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा में गुणवत्ता सुधारने और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने यह बातें रविवार को घरोह सीनियर सेकेंडरी स्कूल के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कही।
कार्यक्रम में बोलते हुए पठानिया ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को आगे बढ़ने के अधिक अवसर देने के लिए बोर्डिंग स्कूल खोलने की दिशा में सकारात्मक कदम उठा रही है। उन्होंने सुख शिक्षा योजना के तहत विधवा और एकल नारियों के बच्चों को आर्थिक सहायता प्रदान करने और मुख्यमंत्री द्वारा निराश्रित बच्चों को “चिल्ड्रन ऑफ स्टेट” का दर्जा देने की पहल की सराहना की।
मुख्य अतिथि ने घरोह सीनियर सेकेंडरी स्कूल के लिए दो अतिरिक्त कमरों के निर्माण और ओवरहेड ब्रिज बनाने की घोषणा की। इस दौरान नेशनल वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए चयनित छात्र कृश को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। स्कूल की प्रिंसिपल निशा डोगरा ने वार्षिक गतिविधियों और उपलब्धियों का ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए स्कूल की प्रगति पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर सुनील कुमार (एसएमसी अध्यक्ष), वरिष्ठ नेता देवदत्त शर्मा, पूर्व प्रधान बलबीर चौधरी, और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने विद्यालय की उपलब्धियों और सरकार द्वारा की जा रही पहलों की सराहना की।