विधानसभा अध्यक्ष ने जिला स्तरीय आषाढ़ नाग मेले का किया विधिवत शुभारंभ
HNN/ चंबा
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने आज प्रसिद्ध पर्यटन कस्बे बनीखेत में ज़िला स्तरीय आषाढ़ नाग मेले में शोभा यात्रा की अगुवाई करते हुए भूरू नाग मंदिर पधर में पूजा-अर्चना कर चार दिवसीय मेले का विधिवत शुभारंभ किया। शोभा यात्रा लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह बनीखेत से शुरू होकर भूरू नाग मंदिर पधर में संपन्न हुई।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को देवभूमि के रूप में जाना जाता है तथा मेले एवं उत्सव हिमाचल प्रदेश की संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। लोक परम्पराओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ यहां आयोजित होने वाले मेले-उत्सव और त्यौहार स्थानीय देवी-देवताओं के प्रति लोगों की कृतज्ञता, धार्मिक आस्था और सामाजिक सौहार्द को इंगित करते हैं।
उन्होंने कहा कि भूरू नाग मंदिर एक ऐतिहासिक धार्मिक स्थल है और यहां के आषाढ़ नाग मेला उत्सव का अपना एक विशेष महत्त्व है। विधानसभा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण और संवर्धन के प्रति प्रदेश सरकार गंभीर है।
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया को एसडीएम डलहौजी एवं अध्यक्ष मेला आयोजन समिति अनिल भारद्वाज ने शॉल-टोपी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।