Loading...

विधानसभा चुनावों के मतदान में महिलाओं ने मारी बाजी, पुरुषों को पीछे छोड़ा

PRIYANKA THAKUR • 13 Nov 2022 • 1 Min Read

HNN / ऊना

विधानसभा चुनावों में इस बार महिलाओं और बुजुर्गों में काफी जोश देखा गया। जिला ऊना में इस बार महिलाओं ने मतदान में पुरुषों को पीछे छोड़ दिया। 12 नवंबर 2022 को हुए विधानसभा चुनावों में जिला में 77.17 प्रतिशत मतदान हुआ। जिला के सभी 515 मतदान केंद्र पर मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुए। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी व उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने दी है।

उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र 41-चिंतपूर्णी (अ जा) में 72.22 प्रतिशत मतदान हुआ जिसमें महिला मतदान 75.94 प्रतिशत, पुरुष मतदान 68.65 प्रतिशत तथा ट्रांसजेंडर मतदान शत प्रतिशत रहा। विधानसभा क्षेत्र 42-गगरेट में 78.72 प्रतिशत मतदान हुआ जिसमें महिला मतदान 82.05 प्रतिशत तथा पुरुष मतदान 75.46 प्रतिशत रहा। विधानसभा क्षेत्र 43-हरोली में 80.77 प्रतिशत मतदान हुआ जिसमें महिला 84.78 मतदान प्रतिशत तथा पुरुष मतदान 76.86 प्रतिशत रहा।

विधानसभा क्षेत्र 44-ऊना में 77.55 प्रतिशत मतदान हुआ जिसमें महिला 80.61 मतदान प्रतिशत रहा तथा पुरुष मतदान 74.55 प्रतिशत रहा। विधानसभा क्षेत्र 45-कुटलैहड़ में 76.41 प्रतिशत मतदान हुआ जिसमें महिला मतदान 80.64 प्रतिशत, पुरुष मतदान 72.24 प्रतिशत तथा ट्रांसजेंडर का शत-प्रतिशत रहा। उपायुक्त ने बताया कि जिला के हरोली विधानसभा विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 80.77 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 72.22 प्रतिशत मतदान हुआ।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में दो-दो मॉडर्न मतदान केंद्र बनाए गए थे, जहां पर स्वागत द्वार के अलावा रंगीन कारपेट बिछाने सहित युवाओं को आकर्षित करने के लिए सेल्फी प्वाइंट भी बनाए गए थे। उन्होंने बताया कि जिला के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बनाए गए दो महिला मतदान केंद्रों मे भी सौंदर्यीकरण के अलावा मतदान करने आई महिलाओं के छोटे बच्चों के लिए खिलौने इत्यादि की भी व्यवस्था की गई थी।