विधायक अजय सोलंकी ने की निहोग में वन महोत्सव की अध्यक्षता
HNN/ नाहन
विधायक अजय सोलंकी ने आज शुक्रवार को नाहन के निहोग क्षेत्र के राहोर में वन विभाग द्वारा आयोजित वन महोत्सव के अवसर पर पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लिया। अजय सोलंकी ने इस अवसर पर अपने सम्बोधन में कहा कि इस वन विहार का नाम डॉ. यशवंत सिंह परमार के नाम पर रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस वन विहार को बेहतरीन ढंग से ईको टूरिज्म की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। वन विहार में महिलाओं को प्राथमिकता पर इसकी देखरेख के कार्य पर रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि बनेठी से जमटा तक वन विभाग द्वारा साइकिल ट्रैक का निर्माण किया जाएगा, जिसकी डीपीआर स्वीकृति के लिए भेजी गई है।
इस साइकिल ट्रैक से पर्यटन को लाभ होगा। अजय सोलंकी ने हिमाचल निर्माता डॉक्टर यशवंत सिंह परमार के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा डॉक्टर परमार की देन है।
उन्होंने कहा कि पंजाब जैसे राजनीतिक और आर्थिक दृष्टि से संपन्न राज्य के कुछ भाग का हिमाचल में विलय होना डॉक्टर परमार की राजनीतिक सूझबूझ और उनके शानदार नेतृत्व का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश डॉक्टर परमार के दिखाए मार्ग पर आगे बढ़ रहा है, और पहाड़ी राज्यों में अपनी अलग पहचान बनाये हुए है।
अजय सोलंकी ने कहा कि इस बरसात के सीजन में 20 हेक्टेयर क्षेत्र में करीब आठ हजार पौधे लगाए जायेंगे। अजय सोलंकी ने इस अवसर पर बेहड़े का पौधा भी लगाया। इससे पूर्व फॉरेस्ट विभाग के कंजरवेटर वसंता किरण बाबू ने मुख्य अतिथि व उपस्थित लोगों का स्वागत किया और वन महोत्सव के बारे में जानकारी दी।