विधायक अजय सोलंकी ने जमटा में वृक्षारोपण अभियान का किया शुभारंभ
विधायक सोलंकी ने आंवले का पौधा लगाकर शुरू किया अभियान
HNN/ नाहन
वन वृत्त नाहन के तहत आने वाली जमटा रेंज के सतना बर्मन में रविवार को एक अति महत्वपूर्ण वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ हुआ। दरअसल आज हिमाचल निर्माता डॉ यशवंत सिंह परमार की जयंती है और इस खास मौके पर नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। विधायक अजय सोलंकी ने आंवले का पौधा लगाकर इस महत्वपूर्ण अभियान का शुभारंभ किया।

इस मौके पर विधायक अजय सोलंकी ने हिमाचल निर्माता डा. वाईएस परमार को याद किया। उन्होंने कहा कि सभी को वृक्षारोपण करना चाहिए। जिस तरीके से पर्यावरण संतुलन बिगड़ रहा है और प्राकृतिक आपदाएं हो रही हैं, इसके लिए जरूरी है कि पेड़ अधिक से अधिक संख्या में लगाए जाएं। ये अभियान पेड़ लगाने तक ही सीमित नहीं होना चाहिए। जब तक पौधा बड़ा न हो जाए, इसकी देखभाल भी जरूरी है।

उन्होंने सभी लोगों से आह्वान किया कि वह डा. परमार के बताए रास्ते पर चलें, यही उनको सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इससे पूर्व सतना गांव पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर ग्रामीणों और वन विभाग के अधिकारियों समेत कर्मियों ने सतना गांव में विभिन्न प्रजातियों के कई पेड़ लगाए। बता दें कि वन विभाग की ओर से इस गांव में विभिन्न प्रजातियों के 7500 पौधों को लगाया जाएगा।

यह अभियान मुख्यमंत्री वन विस्तार योजना के तहत शुरू किया गया है जो वन सर्कल नाहन के सबसे महत्वपूर्ण वृक्षारोपण अभियानों में से एक है। वन विभाग के अरण्यपाल वीके बाबू ने बताया कि फॉरेस्ट सर्कल नाहन के तहत चार डिवीजन आते हैं, जहां इस साल 358 हेक्टेयर पर प्लांटेशन किया जा रहा है। 15 सितंबर तक 7 लाख 50 हजार पेड़ लगाए जायेंगे।

इस पर दो करोड़ 50 लाख रुपए खर्च होंगे। बता दें कि जमटा में वृक्षारोपण अभियान से पहले विधायक अजय सोलंकी ने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन में डा. यशवंत सिंह परमार की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें याद किया। वहीं, कांग्रेस भवन नाहन में भी कांग्रेस कर्यकर्ताओं ने डॉ. यशवंत सिंह परमार के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस मौके पर कांग्रेस नेता रूपेंद्र सिंह ठाकुर, सीताराम शर्मा, नरेंद्र तोमर, जमटा पंचायत के प्रधान जगदीश पुंडीर, उप प्रधान नरेंद्र ठाकुर, जय प्रकाश, डीएफओ नाहन अवनी भूषण, जमटा रेंज के आरओ प्रेम कंवर समेत विभाग के कई अधिकारी, कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।