Loading...

विधायक बिक्रम ठाकुर का मुख्यमंत्री को अनुभवहीन बताना उनकी घटिया मानसिकता- बलदेव ठाकुर

SAPNA THAKUR • 11 Jan 2023 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

भाजपा विधायक बिक्रम ठाकुर का मुख्यमंत्री को अनुभवहीन बताना उनकी घटिया मानसिकता को दर्शाता है। हि.प्र कांग्रेस कमेटी के सचिव बलदेव ठाकुर ने कहा कि हिमाचल की जनता ने भाजपा को इन विधान सभा चुनावो में उसकी नीतियों व कार्यप्रणाली से तंग आकर सत्ता से बाहर कर दिया है। अपनी पराजय से बौखलाहट में आकर आजकल भाजपा नेता अनाप-शनाप बयान बाजी कर रहे हैं।

उन्होने कहा कि भाजपा विधायक बिक्रम ठाकुर बार-बार कांग्रेस नेताओं के विरुद्ध ओछी बयान बाजी करने से बाज नहीं आ रहे हैं। बलदेव ठाकुर ने कहा कि विधानसभा चुनावों में हिमाचल की जनता ने कांग्रेस पार्टी को भारी बहुमत से सत्ता सौंपी है और कांग्रेस पार्टी के निर्वाचित विधायकों ने सुखविन्दर सिह सुक्खू को मुख्यमंत्री बनाया है।

बलदेव ठाकुर ने कहा कि बिक्रम ठाकुर को यह मालूम होना चाहिए कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू छात्र राजनीति से ही संजौली कॉलेज में एनएसयूआई से कक्षा प्रतिनिधि से लेकर अध्यक्ष पद तक निर्वाचित हुए और उसके बाद एनएसयूआई के लम्बे समय तक प्रदेश अध्यक्ष रहे। उन्होने कहा कि सुखविन्दर सिंह सुक्खू 10 वर्षों तक हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रहे और दो मर्तबा नगर निगम शिमला के पार्षद निर्वाचित हुए।

उन्होने कहा कि सुखविन्दर सिंह की कार्यशैली को देखते हुए नादौन की जनता ने उन्हें विधानसभा में चार बार प्रतिनिधित्व करने के अवसर दिये और जनता के आर्शीवाद से आज एक सामान्य परिवार का व्यक्ति प्रदेश के मुख्यमंत्री का पद सुशोभित कर रहा है। बलदेव ठाकुर ने कहा कि भाजपा नेताओं को मुख्यमंत्री को अनुभवहीन कहना उनकी बौखलाहट को स्पष्ट दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने पहले दिन से ही आम आदमी के कल्याण के लिए कदम उठाने शुरु कर दिए है।