Loading...

विधायक सोलंकी ने बिरोजा एवं तारपीन फैक्टरी का लिया जायजा

Shailesh Saini 18 Jun 2025 Edited 18 Jun 1 min read

सोलंकी बोले फैक्ट्री न केवल एक कारखाना है बल्कि यह हमारी बहुमूल्य धरोहर भी है

हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन

स्थानीय विधायक अजय सोलंकी ने बुधवार को नाहन शहर की ऐतिहासिक औद्योगिक धरोहर बिरोजा एवं तारपीन फैक्टरी का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने उद्योग की कार्यप्रणाली का भी गहनता से निरीक्षण किया। साथ ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।निरीक्षण के दौरान विधायक सोलंकी ने बताया कि यह फैक्टरी वर्ष 1949 से लगातार संचालित है और यह प्रदेश सरकार को हर वर्ष लगभग 4 से 5 करोड़ रुपये का लाभ दे रही है, जो अपने आप में एक सराहनीय उपलब्धि है।

उन्होंने फैक्टरी प्रबंधन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना भी की।उन्होंने कहा कि फैक्टरी में कुछ क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है। विशेष रूप से उत्पादन क्षमता को यहां और अधिक बढ़ाया जा सकता है।

उन्होंने आश्वासन दिया कि इस फैक्टरी से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण मांगों एवं विस्तार की संभावनाओं को लेकर वह स्वयं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के समक्ष मामला उठाएंगे।उन्होंने यह भी कहा कि बिरोजा फैक्टरी केवल एक उद्योग नहीं, बल्कि नाहन की सांस्कृतिक और आर्थिक पहचान के साथ-साथ यह हमारी बहुमूल्य धरोहर भी है।

इसके सशक्तिकरण के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि आने वाले वर्षों में यह फैक्टरी और अधिक प्रगति करे और क्षेत्र के युवाओं के लिए और अधिक रोजगार के अवसर पैदा कर सके। इस दौरान उन्होंने फैक्टरी संबंधी और कर्मचारियों की समस्याएं भी सुनीं।