विवाहिता की जहरीला पदार्थ निगलने से हुई मौत, पति गिरफ्तार
HNN/कांगड़ा
जिला कांगड़ा के उपमंडल पालमपुर में एक महिला ने जहरीला पदार्थ निगलकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली है। मृतका की पहचान नसीब राणा (37) पत्नी चंदन राणा के रूप में हुई है। पुुलिस ने मायके पक्ष के आधार पर मामले में मृतका के पति, सास और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, महिला की 14 फरवरी को मौत हो गई। मृतका के पिता जसवंत सिंह निवासी लाहड़ू मूंढी ने पुलिस में दिए बयान में कहा कि उनकी बेटी को उसका पति तंग करता था तथा उसने उसे आत्महत्या के लिए विवश किया है, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
वहीं आरोपों के घेरे में आए चंदन राणा को गिरफ्तार कर लिया है। नसीब राणा का विवाह वर्ष 2009 में चंदन राणा के साथ हुआ था। उनके दो बच्चे हैं। आरोपी चंदन राणा पुलिस विभाग में ही कार्यरत है। फिलहाल इस मामले में एक ही गिरफ्तारी हुई है। मृतका का पोस्टमार्टम करवाकर शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।
घटनास्थल पर फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी पहुंची तथा सारी स्थिति की समीक्षा की। वहीं डीएसपी पालमपुर लोकेंद्र सिंह नेगी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति की समीक्षा की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।