शहरी क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों के वरिष्ठ माध्यमिक सैक्शन होंगे को-एजुकेशनल : मुख्यमंत्री सुक्खू
शिमला
कम नामांकन वाले स्कूलों का होगा युक्तिकरण, एक जैसी सुविधा वाले नजदीकी स्कूलों में होंगे विलय
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने घोषणा की है कि हिमाचल प्रदेश के शहरी स्थानीय निकाय क्षेत्रों में स्थित सभी राजकीय स्कूलों के वरिष्ठ माध्यमिक सैक्शन अब को-एजुकेशनल बनाए जाएंगे। उन्होंने यह निर्णय मंगलवार को शिक्षा विभाग की एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए लिया।
नवाचार के साथ शिक्षा को मिलेगा नया स्वरूप
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में व्यावहारिक और समावेशी सुधार लाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इसी के तहत शहरी क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में बालक और बालिकाओं के लिए एक समान अवसर उपलब्ध करवाने हेतु यह निर्णय लिया गया है।
युक्तिकरण से शिक्षण गुणवत्ता में होगा सुधार
मुख्यमंत्री सुक्खू ने बताया कि प्रदेश में ऐसे स्कूलों की पहचान की जाएगी, जहां विद्यार्थियों की संख्या बहुत कम है और पास में ही समान स्तर का अन्य स्कूल कार्यरत है। ऐसे स्कूलों को आपस में मिलाकर संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जाएगा और शिक्षण गुणवत्ता में सुधार किया जाएगा।
बैठक में शिक्षा मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, शिक्षा सचिव राकेश कंवर और शिक्षा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। सभी ने इस कदम को शहरी शिक्षा प्रणाली को अधिक प्रभावी और संसाधनयुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।