शहरी निकाय चुनाव: मतदाता सूची संशोधन का शेड्यूल जारी, 28 मार्च तक करें आवेदन
नई वोटर एंट्री से लेकर आपत्तियों तक पूरी प्रक्रिया तय, 20 अप्रैल तक फाइनल लिस्ट
हिमाचल नाऊ न्यूज़, नाहन
आगामी शहरी स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर जिला प्रशासन ने मतदाता सूचियों के विशेष संशोधन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत नए मतदाताओं के पंजीकरण से लेकर नाम हटाने और सुधार तक का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया गया है।जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त प्रियंका वर्मा द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 01 अप्रैल 2026 को अर्हता तिथि माना जाएगा।
यानी इस तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवा सकेंगे।मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने या संशोधन करवाने के लिए दावे और आपत्तियां 28 मार्च 2026 तक संबंधित अधिकारियों के पास जमा की जा सकेंगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह मौका सीमित समय के लिए है, इसलिए पात्र लोग समय रहते आवेदन करें।इसके बाद 02 अप्रैल 2026 तक सभी दावों और आपत्तियों का निपटारा किया जाएगा। यदि किसी व्यक्ति को निर्णय से संतोष नहीं होता है तो वह 10 अप्रैल तक अपील कर सकता है, जिसका निपटारा 17 अप्रैल तक किया जाएगा।
अंतिम रूप से पूरक मतदाता सूचियां 20 अप्रैल 2026 तक प्रकाशित कर दी जाएंगी, जो आगामी चुनावों के लिए आधार बनेंगी।प्रशासन ने सहायक आयुक्त विकास, खंड विकास अधिकारी और नायब तहसीलदारों को पुनरीक्षण प्राधिकारी नियुक्त किया है, जो अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।
जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपने नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करें, ताकि चुनाव में मतदान के अधिकार से वंचित न रह जाएं।