HNN/ किन्नौर
जिला किन्नौर के बड़ा कंबा में चोरी की वारदात पेश आई है। यहां अज्ञात चोरों ने एचआरटीसी की बस से डीजल चोरी कर लिया है। बस के चालक ने इस बाबत पुलिस थाना भावानगर में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को दी गई शिकायत में चालक ने बताया कि एचआरटीसी की बस (एचपी 25ए 1293) रिकांगपिओ से कंबा रूट पर गई हुई थी। चालक ने बस रात को बड़ा कंबा में सड़क किनारे खड़ी कर दी।
परंतु जब चालक अगली सुबह बस के पास आया तो उसने देखा कि टैंक का ताला टूटा हुआ था और टैंक में डीजल भी नहीं था। जिसके बाद चालक ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। सुचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पाया कि एचआरटीसी बस का 25 लीटर डीजल चोरी हुआ है।
उधर, मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी भावानगर जगदीश ने कहा कि चालक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

