शातिरों ने घर में लगाई सेंध, पांच तोले सोना सहित हज़ारो की नकदी पर किया हाथ साफ
HNN/ कांगड़ा
जिला कांगड़ा के तहत ग्राम पंचायत भरमाड़ के सुदरा में शातिरों ने घर में सेंधमारी कर पांच तोले सोना सहित हज़ारो की नकदी पर हाथ साफ कर लिया है।
संतोष कुमारी, पत्नी लेख राज, निवासी सुदरा ने इस बाबत पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। वहीं शिकायतकर्ता के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वह रात को घर में सोई हुई थी और जब सुबह उठकर देखा तो दूसरे कमरे की अलमारी का ताला टूटा हुआ था और अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था।
उसने बताया कि अलमारी में सोने का मंगलसूत्र, सोने की नथिया, सोने का टीका, एक जोड़ी झुमके, दो सोने की अंगूठियां, एक तोला बिस्कुट, चांदी की पायल तथा आठ हजार की नकदी गायब थी।
यह देखकर पीड़िता के होश उड़ गए। पीड़िता ने पुलिस से जल्द ही इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को हिरासत में लेने की गुहार लगाई है। मामले की पुष्टि एसपी नूरपुर अशोक रतन ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस जल्द ही आरोपी को हिरासत में लेगी।