शातिरों ने घर में लगाई सेंध, लाखों के आभूषणों सहित नकदी पर किया हाथ साफ
HNN/ कांगड़ा
जिला कांगड़ा में पुलिस थाना खुंडियां के अंतर्गत गांव बलाहरा में एक चोरी की वारदात पेश आई है, यहां शातिरों ने घर में सेंधमारी कर लाखों के आभूषणों सहित नकदी पर हाथ साफ कर लिया है। कल्याण सिंह पुत्र मिलखी राम निवासी बलाहरा, खुंडियां ने इस बाबत पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है।
वहीं शिकायतकर्ता के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में कल्याण सिंह ने बताया कि 26 फरवरी को वह अपनी पत्नी सहित शाम को चचेरे भाई के यहां भंडारे और जगराते में शामिल होने के लिए गए थे। उन्होंने घर में सभी जगह ताले लगाए हुए थे और घर में कोई भी सदस्य नहीं था।
जब वे देर रात अपने घर लौटे तो जैसे ही जाली का दरवाजा खोला तो अंदर का दरवाजा पहले ही आधा खुला हुआ था और जो ताला दरवाजे में फिक्स था वह टूटा हुआ था। जैसे ही वे कमरे के अंदर आए तो अलमारी खुली हुई थी और सारा सामान बिखरा हुआ था। उन्होंने बताया कि अलमारी का लॉकर भी टूटा था और स्टोर में रखी तीन अलमारियों के ताले भी उखड़े हुए थे।
उन्होंने जब परिवार सहित अलमारियों का सामान चेक किया तो सोने की लेडीज-जेंट्स अंगूठियां, मंगलसूत्र, चैन लॉकेट, चांदी का पायल सेट, चांदी के कंगन, 44 हजार रुपये नकदी, सोने के टॉप्स, सोने की चूड़ियां, नोजपिन, सोने के क्लिप, सोने के झुमके, मांग टिक्का, सोने के सेट, गले का हार, चांदी की कटोरी, घ्रुव और कलीरा आदि मिलाकर कुल 25 तोले सोना, 10 तोले चांदी और 44 हजार की नकदी चोरी पाई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।