शातिरों ने दिनदहाड़े घर में लगाई सेंध, लाखों के आभूषणों व नकदी पर किया हाथ साफ
HNN/ शिमला
राजधानी शिमला में एक चोरी की वारदात पेश आई है, यहां शातिरों ने दिनदहाड़े एक घर में सेंधमारी कर लाखों रुपए की आभूषणों सहित हज़ारों रुपए की नकदी पर हाथ साफ कर लिया है। गोयल अपार्टमेंट निवासी शशि बाला ने इस बाबत छोटा शिमला थाना में शिकायत दर्ज करवाई है।
वहीं शिकायतकर्ता के आधार पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 454 व 380 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की तलाश में भी जुट गई है।
पुलिस को दी गई शिकायत में शशि बाला ने बताया कि बुधवार को जब वह अपने कार्यालय से लंच करने घर पहुंची, तो घर का ताला टूटा था और कमरों में सामान बिखरा पड़ा था।
उन्होंने बताया कि अलमारी में रखे दो लाख के जेवर और 10 हज़ार रुपए की नकदी गायब थी। चौंकाने वाली बात यह है कि चोरों ने इस घटना को उपनगर कसुम्पटी स्थित सीआईडी के राज्य कार्यालय से महज कुछ मीटर दूरी पर अंजाम दिया है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।