शातिरों ने दुकान में लगाई सेंध, करीब 8 लाख के मोबाइल लेकर हुए फरार
HNN/सोलन
हिमाचल प्रदेश के सोलन शहर के लक्कड़ बाजार में एक चोरी की वारदात पेश आई है, यहां शातिरों ने दुकान में सेंधमारी कर लाखों रुपए के मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर लिया है।
पीड़ित दुकानदार ने इस बाबत पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। वहीं शातिर चोरी करते सीसीटीवी में कैद हो गए हैं। सीसीटीवी के आधार पर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित दुकानदार ने बताया कि वह दुकान बंद करके घर चला गया था। जिसके बाद शातिरों ने दुकान का शटर तोड़ा और अंदर घुसे और चोरी की। दुकानदार ने बताया कि चोरों ने बिना ताला तोड़े इस वारदात को अंजाम दिया।
दुकानदार ने बताया कि उसे सुबह पता चला, जब वह दुकान पर पहुंचा। पीड़ित ने बताया कि चोरों ने दुकान में करीब आठ लाख रुपए के मोबाइल चोरी किए हैं। वहीं शिकायत के आधार पर अब पुलिस भी इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की तलाश में जुट गई है।