शादी के दो माह बाद ही पत्नी को उतारा मौत के घाट, चादर में लपेटकर रखा…
HNN/ कुल्लू
हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में एक सनसनीखेज वारदात पेश आई है जहां पति ने अपनी ही पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। हैरानी तो इस बात की है कि दोनों की शादी को अभी 2 माह ही हुए थे। हालांकि अभी तक इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है कि आरोपी ने अपनी पत्नी की हत्या किन कारणों से की है।
वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है जो कि बुरी तरह से गल-सड़ चुका है। थाना भुंतर में आईपीसी की धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जानकारी अनुसार, अविनाश कौर (30) निवासी राजपुरा (पंजाब) की शादी दो महीने पहले ही जय सिंह से हुई थी। आरोपी भुंतर में गारमेंट्स की दुकान में काम करता है।
बताया जा रहा है कि दोनों ने परगाणु पंचायत में आठ नवंबर को किराये पर कमरा लिया था। आरोपी ने 22 नवंबर को मकान मालिक से कहा कि वह अपने घर पंजाब जा रहा है। उसकी पत्नी पहले ही जा चुकी है। सोमवार शाम को जब दरवाजा खोला गया तो कमरे में उसकी पत्नी की लाश मिली जोकि चादर में लिपटी हुई थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुरदेव शर्मा ने पुष्टि की है।