Loading...

शादी से एक दिन पहले ऊना की युवती का अधजला शव मिलने से सनसनी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 24 Sep 2025 • 1 Min Read

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

ऊना जिले के उपमंडल बंगाणा के गांव बैरियां में शादी से एक दिन पहले ही 24 वर्षीय युवती का अधजला शव मिलने से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। मृतका की पहचान अंशिका ठाकुर पुत्री स्व. विपिन ठाकुर निवासी बैरियां के रूप में हुई है, जिसकी शादी 24 सितंबर को भिंडला गांव के युवक से तय थी।

झाड़ियों से बरामद हुआ शव
मंगलवार दोपहर फॉरेस्ट गार्ड ने बैरियां-रामनगर सड़क किनारे झाड़ियों में शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची जोल चौकी पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच शुरू की। शव पर आग लगाने के अलावा चेहरे और गले पर गहरे कट के निशान पाए गए।

परिजनों की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं
अंशिका की शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और घर में मेहमान जुटने लगे थे। जैसे ही युवती की मौत की खबर मिली, शादी का माहौल मातम में बदल गया। परिजन गहरे सदमे में हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं।

पुलिस ने हत्या की पुष्टि की
एसपी ऊना अमित यादव ने बताया कि युवती की हत्या की गई है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और हर पहलू की जांच की जा रही है। फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और पुलिस हर सुराग खंगाल रही है।