शिक्षा बोर्ड वार्षिक परीक्षाओं के लिए जारी नहीं करेगा इन 9 विषयों के प्रश्नपत्र….
HNN/ धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 10वीं और 12वीं कक्षा की नियमित, कंपार्टमेंट, अतिरिक्त विषय और श्रेणी सुधार परीक्षा के लिए प्रस्तावित डेटशीट जारी की है। बोर्ड की ओर से जारी की गई डेटशीट में साफ तौर पर तमिल, तेलुगू और फ्रेंच विषय सहित नौ विषयों के बारे में कहा गया है कि इन विषयों के प्रश्नपत्रों को स्कूल शिक्षा बोर्ड परीक्षा के दौरान उपलब्ध नहीं करवाएगा।
इन विषयों के प्रश्नपत्रों को संबंधित स्कूलों को अपने स्तर पर तैयार करना होगा। बोर्ड प्रबंधन की ओर से जारी डेटशीट के अनुसार दसवीं कक्षा में तमिल, तेलुगू और काॅमर्स (एलिमेंटस ऑफ बिजनेस, एलिमेंटस ऑफ बुक्स कीपिंग एंड अकाउंटेंसी और टाइपिंग अंग्रेजी और हिंदी) को चिह्नित किया गया है।
वहीं 12वीं कक्षा में प्राइवेट सिक्योरिटी, नृत्य, फाइन आर्ट्स, फ्रेंच, फिलोस्पी और फाइनांशियल लिटरेसी विषय के प्रश्नपत्र न मुहैया करवाने बारे दर्शाया गया है। स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि 10वीं कक्षा के करीब तीन, 12वीं कक्षा के छह विषयों को स्कूल शिक्षा बोर्ड ने प्रश्नपत्र जारी नहीं करने के लिए चिह्नित किया है।