Loading...

शिमला इनोवेटिव अर्बन ट्रांसपोर्ट रोपवे प्रोजेक्ट के वित्तपोषण में लाएं तेजी- सीएम सुक्खू

Ankita 24 Mar 2023 Edited 24 Mar 1 min read

HNN/ शिमला

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू व उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार को शिमला में महानिदेशक डॉ. डीजे पांडियन के नेतृत्व में शिमला पहुंचे न्यू डेवलपमेंट बैंक के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ विशेष बैठक की। इस बैठक में शिमला इनोवेटिव अर्बन ट्रांसपोर्ट रोपवे प्रोजेक्ट के कार्यान्वयन पर चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना के लिए राज्य सरकार हर संभव सहायता करेगी। उन्होंने कहा कि नवंबर 2023 के अंत तक इस परियोजना के लिए बहुपक्षीय वित्तपोषण की मंजूरी में तेजी लाई जाए। प्रदेश के पर्यावरण के अनुकूल, स्वच्छ और हरित परिवहन के लिए बड़े पैमाने पर विभिन्न योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

इससे शहरों में वाहनों की भीड़ कम करने तथा नए क्षेत्रों से बेहतर कनेक्टिविटी से पर्यटन क्षमता को विकसित करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि लगभग 1546.40 करोड़ रुपए की परियोजना लागत के शिमला इनोवेटिव अर्बन ट्रांसपोर्ट रोपवे प्रोजेक्ट के तहत 15 स्टेशनों को जोड़ने वाला 14.13 किलोमीटर रोपवे नेटवर्क तैयार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह शहरी रोपवे परियोजना दुनिया में अपनी तरह की दूसरी और भारत में पहली होगी। इससे शिमला शहर में वाहनों की भीड़भाड़ कम करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि रोपवे एंड रैपिड ट्रांसपोर्ट सिस्टम डेवलपमेंट कॉरपोरेशन ने इस परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने में पर्याप्त प्रगति की है।

इसका ड्रोन सर्वेक्षण पूरा हो चुका है तथा यातायात सर्वेक्षण 12 अप्रैल 2023 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि जियो-टेक परीक्षण और ईएसआईए अध्ययन प्रक्रिया अभी जारी है, इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट का कार्य 30 जून, 2023 तक पूरा होने की संभावना है।