शिमला के धामी में बिजली खंभे पर काम करते वक्त करंट लगने से 30 वर्षीय कर्मी की मौत, डेढ़ महीने पहले हुई थी शादी
शिमला
करंट लगने से हुई मौत के मामले में बिजली बोर्ड की लापरवाही पर उठे सवाल, परिजनों ने पुलिस में दर्ज करवाई शिकायत
काम के दौरान हुआ हादसा
प्रदेश की राजधानी शिमला के धामी क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा पेश आया, जिसमें 30 वर्षीय विद्युत कर्मी हरविंद्र की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक कांगड़ा जिले के त्रिपल गांव का रहने वाला था और शिमला में विद्युत बोर्ड में टीमेट के पद पर कार्यरत था। हादसा उस समय हुआ जब वह 16 मील के पास एक घर में बिजली मीटर लगाने का कार्य कर रहा था।
लाइट नहीं काटी गई, करंट की चपेट में आया
परिजनों ने आरोप लगाया है कि बिजली बोर्ड की लापरवाही के चलते हादसा हुआ। बताया गया कि मीटर लगाने के दौरान बिजली की आपूर्ति बंद नहीं की गई थी और हरविंद्र सर्विस वायर जोड़ते समय अचानक हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गया। घटना के बाद वह बिजली के खंभे से नीचे गिर पड़ा और स्थानीय लोग उसे तुरंत धामी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डेढ़ महीने पहले हुई थी शादी
हरविंद्र हाल ही में शादी के बाद अपनी पत्नी के साथ धामी क्षेत्र में रह रहा था। उसकी शादी को मात्र डेढ़ महीना हुआ था। इस हादसे से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हरविंद्र के पिता रविंद्र कुमार ने बालुगंज थाना में शिकायत दर्ज करवाई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने बिजली बोर्ड की लापरवाही के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए बीएनएस की धारा 125 और 106 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एएसपी शिमला नवदीप सिंह ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।