शिमला के नेरवा में सड़क हादसा, पंजाब के दो श्रद्धालुओं की मौत, बच्चा लापता
चौपाल उपमंडल के नेरवा थाना क्षेत्र में एक स्कॉर्पियो के दुर्घटनाग्रस्त होने से पंजाब के दो लोगों की मौत हो गई, दो गंभीर रूप से घायल हो गए और एक 10 वर्षीय बच्चा नदी में बह गया। सभी श्रद्धालु धार्मिक सत्संग में भाग लेने आए थे।
शिमला
स्कार्पियो खाई में गिरी, दो की मौके पर मौत, बच्चा तेज बहाव में बहा
शनिवार शाम को नेरवा से लगभग 14 किलोमीटर दूर टंडोरी और बथाल के बीच एक स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, दो गंभीर रूप से घायल हुए और एक बच्चा नदी के तेज बहाव में बह गया। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल नेरवा अस्पताल पहुंचाया गया।
धार्मिक सत्संग में भाग लेने आए थे श्रद्धालु
स्कार्पियो में सवार सभी लोग धार्मिक सत्संग में भाग लेने पंजाब से आए थे। मृतकों में एक की पहचान कुमार सुची (नेरवा, शिमला) और दूसरे की पहचान गुरमेल लाल (नवांशहर, पंजाब) के रूप में हुई है। घायलों में बलविंदर (पत्नी हरबंस लाल, बाड़माजरा, पंजाब) और केशव कुमार (पुत्र नरेंद्र कुमार, बंगा, पंजाब) शामिल हैं।
10 वर्षीय बच्चा अब तक लापता, सर्च ऑपरेशन जारी
घायलों में बलविंदर का 10 वर्षीय बेटा भी शामिल था, जो हादसे में नदी की धारा में बह गया। रात के समय और नदी के जलस्तर के तेज होने के कारण बचाव टीम को उसकी तलाश में दिक्कतें आ रही हैं। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से नदी के दोनों किनारों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन बच्चा अब तक नहीं मिल पाया।
पुलिस जांच में जुटी, हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा
डीएसपी चौपाल सुशांत शर्मा ने बताया कि सभी घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।