शिमला पुलिस की बड़ी कामयाबी: 15 माह में इतने हजार नशा तस्कर गिरफ्तार….
HNN/ शिमला
चिट्टे का नशा पहले युवा शौक, तनाव और दोस्तों के साथ करते हैं। तीन से चार बार चिट्टे का नशा करने पर इसकी लत लग जाती है। इसके बाद नशे का आदी युवा नशे की सामग्री खरीदने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। ऐसे कई मामले जिला शिमला में सामने आ चुके हैं। हिमाचल प्रदेश की जिला शिमला पुलिस ने बड़ी सफलता प्राप्त की है।
बता दें जिला पुलिस ने 15 माह में 600 से अधिक केस दर्ज कर 1,000 से अधिक नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। एसपी संजीव गांधी ने जब कार्यभार संभाला था तो उन्होंने नशा माफिया के खात्मे के लिए सोशल इंटीग्रेटेड इंटेलिजेंस नेटवर्क तैयार करने पर जोर दिया था। अब इसके परिणाम सामने आने लगे हैं।
लोग, युवा पुलिस को व्हाट्सएप, ईमेल, फोन, पत्र लिखकर और व्यक्तिगत रूप से सूचनाएं दे रहे हैं। सूचनाएं देने वालों में स्कूल, कॉलेज के विद्यार्थी, टैक्सी चालक, होटल कर्मचारी, महिला मंडल की सदस्य और ऐसे युवा शामिल हैं जोकि पहले किसी कारणवश नशे के आदी हो चुके थे लेकिन अब इसे छोड़ चुके हैं।