HPU : एचपीयू में छात्र संगठनों की झड़प के बाद 7 कार्यकर्ता गिरफ्तार
HPU : हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय परिसर में मंगलवार देर शाम छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी के बाद झड़प हो गई। दोनों गुटों में धक्का-मुक्की और मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति नियंत्रित की। बालूगंज थाना पुलिस ने मामले में दोनों छात्र संगठनों के कुल सात कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।
शिमला
विश्वविद्यालय परिसर में किसी बात को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच विवाद शुरू हुआ था, जो कुछ ही समय में झड़प में बदल गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग किया। अब यह पता लगाया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत किस कारण हुई और झड़प के दौरान कौन-कौन लोग शामिल थे। मामले से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
झड़प के कारणों की जांच शुरू
विश्वविद्यालय परिसर में इससे पहले बीते सप्ताह भी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और एसएफआई के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बीच पुलिस मौजूदा मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है, ताकि झड़प में शामिल अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके।