शिमला में 12वीं में लगातार दूसरी बार फेल होने पर छात्रा ने की आत्महत्या, नाले में लगाई छलांग
शिमला
परीक्षा में असफलता का दर्द न सह पाई छात्रा, परिवार के साथ किराए के कमरे में रहती थी
शिमला में 12वीं में लगातार दूसरी बार फेल होने का सदमा न सहन कर पाने के कारण एक छात्रा ने नाले में छलांग लगाकर जान दे दी। यह घटना न्यू शिमला थाना क्षेत्र के बडागांव के पास की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पिता मजदूरी करते हैं, परिवार के साथ किराए के कमरे में रहती थी
छात्रा दीक्षा सिरमौर जिले के गोरवा गांव की रहने वाली थी। वह शिमला में अपने पिता और परिवार के साथ किराए के कमरे में रहती थी। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला द्वारा शनिवार को 12वीं कक्षा का रिजल्ट घोषित किया गया था। रिजल्ट देखकर दीक्षा ने बीते दिन मैहली से शोघी बाईपास के पुल से नाले में कूदकर आत्महत्या कर ली।
मौत के पीछे परीक्षा में फेल होने का सदमा
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा दूसरी बार 12वीं में फेल हुई थी। इस सदमे को वह सहन नहीं कर पाई और उसने आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठा लिया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।