शिमला में 23 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला शहर के बालूगंज थाना क्षेत्र में एक युवक द्वार फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। हालांकि युवक ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है।
मृतक की पहचान 23 वर्षीय रोहित गिल पुत्र हंसराज गिल निवासी टूटीकंडी के रूप में हुई है। साथ ही इस घटना को लेकर थाना बालूगंज में सीआरपीसी 174 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही अमल में लाई गई है।
जानकारी के मुताबिक, युवक रात्रि में घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उससे मोबाइल पर संपर्क साधा। युवक परिजनों को यह कहकर गया था कि वह लालपानी से घर आ रहा है लेकिन देर रात जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजन उसकी तलाश में जुट गए और उसके मोबाइल पर लगातार फोन करते रहे।
रात्रि करीब 11 बजे घर के समीप जंगल में पेड़ के पास मोबाइल की रिंगटोन की आवाज सुनाई दी। जब परिजन वहां पहुंचे तो उन्होंने देखा कि युवक पेड़ से लगाए फंदे पर लटका हुआ है। यह देखकर उनके होश उड़ गए।
घटना के बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को फंदे से उतारकर आईजीएमसी पहुंचाया, जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एएसपी सुनील नेगी ने मामले की पुष्टि की है।