Loading...

शीतलहर की चपेट में हिमाचल: सुबह-शाम कड़ाके की ठंड तो दिन में राहत..

SAPNA THAKUR • 20 Dec 2022 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

हिमाचल प्रदेश में बेशक इन दिनों मौसम साफ बना हुआ है। बावजूद इसके लोगों को ठंड से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। खास तौर पर सुबह और शाम के वक्त लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। आलम यह है कि लोग सुबह और शाम अलाव और हीटर का सहारा ले रहे हैं। हालांकि, धूप खिलने से दिन में लोगों को ठंड से राहत जरूर मिल रही है।

वहीँ, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश में 24 दिसंबर तक मौसम के साफ़ बने रहने की संभावना जताई है। हालांकि, मौसम विज्ञान ने इस दौरान मैदानी और कम ऊंचाई वाले जिलों में 23 दिसंबर तक शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है। इतना ही नहीं कम ऊंचे क्षेत्रों व मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की भी चेतावनी दी गई है। इससे विजिबिलिटी 50 मीटर तक कम होगी।