Loading...

शुंगल फोरलेन प्रोजेक्ट में बड़ा हादसा , निर्माणाधीन पुल से गिरकर मजदूर की मौत

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 25 Feb 2025 • 1 Min Read

Himachalnow / सोलन

शटरिंग टूटने से हुआ हादसा, तीन मजदूर घायल

शिमला-सोलन सीमा पर बन रहे फोरलेन प्रोजेक्ट के तहत मंगलवार को शुंगल में एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन पुल के पिलर पर शटरिंग लगाने के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से चार मजदूर नीचे गिर गए। इस हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

फोरलेन पुल निर्माण के दौरान हादसा

कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर फोरलेन निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। इस प्रोजेक्ट के दूसरे चरण में चंबाघाट से कैथलीघाट तक पुल और सड़क का निर्माण किया जा रहा है। मंगलवार को शुंगल क्षेत्र में पुल निर्माण के दौरान मजदूर शटरिंग लगा रहे थे। इसी बीच शटरिंग कमजोर पड़ गई और मजदूरों का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वे सीधे नीचे गिर गए।

आईजीएमसी में इलाज के दौरान मजदूर की मौत

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने घायलों को आईजीएमसी शिमला पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक मजदूर को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान शुकर अहमद (उधमपुर, जम्मू-कश्मीर) के रूप में हुई है। घायलों में उबेद अहमद और अब्दुल करीम (जम्मू-कश्मीर) तथा वीरी सिंह (धौलपुर, राजस्थान) शामिल हैं। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है।

प्रशासन ने दी फौरी राहत

घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर घायलों को फौरी राहत के तौर पर पांच-पांच हजार रुपये दिए हैं। मृतक मजदूर के परिजनों को आर्थिक सहायता देने के लिए दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं।

पुलिस जांच जारी

डीएसपी सोलन अनिल धौल्टा ने बताया कि पुल निर्माण के दौरान शटरिंग लगाने का काम चल रहा था, तभी यह हादसा हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।