Loading...

शैक्षणिक योग्यता के अनुसार मिलेगी करुणामूलक आधार पर नौकरी- सीएम सुक्खू

Ankita • 19 Sep 2023 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

हिमाचल विधानसभा के मानसून सत्र का आज दूसरा दिन है। आज सदन में करुणा मूलक आधार पर रोज़गार का मामला उठाया गया। नालागढ़ के विधायक केएल ठाकुर के सवाल पर सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि करुणामूलक आधार पर नौकरी शैक्षणिक योग्यता के अनुसार मिलेगी।

इस संबंध में नियम एवं शर्तों में बदलाव की अगर जरूरत होगी तो वह भी करेंगे। करुणा मूलक के मामलों को निपटाने के लिए एक कमेटी का गठन किया गया है। जल्द ही करुणा मूलक के पदों को भरा जायेगा।

हिमाचल प्रदेश में पिछले तीन साल के आंकड़े के मुताबिक करुणा मूलक आधार के 1343 मामले लंबित पड़े हैं। जबकि 59 मामलों देरी के कारण रद्द किए गया है। तृतीय श्रेणी के 574 पद जबकि चतुर्थ श्रेणी के 769 पद लंबित पड़े हैं। सबसे ज्यादा 396 पद जल शक्ति विभाग और 375 मामले पीडब्ल्यूडी विभाग में लंबित पड़े हैं।

इस पर विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर ने सरकार की मंशा पर भी सवाल उठाए और जल्द करुणा मूलक के पदों को भरने की मांग उठाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व सरकार ने करुणामूलक आधार की नौकरियों के सरकारी विभागों में 1,766 और निगमों-बोर्डों में 734 आवेदन रिजेक्ट किए। सिर्फ 25 फीसदी को ही नौकरियां दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते तीन साल में करुणामूलक नौकरियों के लिए सरकारी विभागों में 4,099 और निगम-बोर्डों में 2,971 आवेदन आए। इस मामले पर गंभीरता से सोचना होगा। उधर, मुख्यमंत्री के जवाब पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि करुणामूलक आधार पर सबसे अधिक नौकरियां पूर्व सरकार ने दी हैं।